Saturday, October 3, 2026
Home रायपुर धान के पानी को लेकर किसानों के बीच पहुंचे अजय चंद्राकर, अधिकारी...

धान के पानी को लेकर किसानों के बीच पहुंचे अजय चंद्राकर, अधिकारी पर टिप्पणी का वीडियो वायरल; कांग्रेस ने साधा निशाना

4

The Duniyadari: रायपुर। पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। वायरल वीडियो में चंद्राकर किसानों से बातचीत के दौरान सिंचाई के लिए बांध से पानी छोड़े जाने के मुद्दे पर एक अधिकारी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने उनके बयान को लेकर भाजपा नेतृत्व पर भी सवाल उठाए हैं।

बताया जा रहा है कि किसानों के बीच धान की फसल के लिए पानी की व्यवस्था को लेकर चर्चा के दौरान अधिकारियों की भूमिका का जिक्र हुआ। इसी दौरान चंद्राकर ने एक अधिकारी द्वारा ग्रामीणों पर नेतागिरी करने की बात कहे जाने का उल्लेख किया। बातचीत के दौरान उन्होंने अधिकारी को लेकर बेहद तीखी भाषा का इस्तेमाल किया। इसी हिस्से का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामले को लेकर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने अजय चंद्राकर पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री पद से बाहर होने के बाद चंद्राकर लगातार आक्रामक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। शुक्ला ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व को इस तरह के बयानों को गंभीरता से लेना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि अजय चंद्राकर को एम्स जाकर अपना मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए और कुछ समय आराम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के सार्वजनिक बयानों का असर प्रदेश के राजनीतिक माहौल पर पड़ता है, इसलिए भाषा और व्यवहार को लेकर जिम्मेदारी बरतना जरूरी है।

वायरल वीडियो को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रिया का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा की ओर से इस पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है, यह देखना बाकी है।