The Duniyadari : रायपुर। धान उपार्जन को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों से पात्रता के अनुरूप पूरा धान खरीदेगी और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शुरुआत से ही धान खरीदी को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश की, कभी व्यवस्था पर सवाल उठाए गए तो कभी तैयारी पर, लेकिन वास्तविकता यह है कि धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है, सभी का धान खरीदा जाएगा।
धान खरीदी में अनियमितताओं पर प्रशासन की सख्ती का जिक्र करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कई जिलों में कलेक्टर स्वयं औचक निरीक्षण कर रहे हैं। जहां गड़बड़ियां सामने आई हैं, वहां राइस मिलों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। मुंगेली जिले में निरीक्षण के दौरान उपलेटा राइस मिल को सील किया गया, वहीं धमतरी में श्री गजराज एग्रो इंडस्ट्रीज के खिलाफ भी सील बंद की कार्रवाई हुई। दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन में डीओ ऑर्डर की अनियमितता, वाहनों की क्षमता से अधिक परिवहन और जीपीएस डेटा में छेड़छाड़ जैसी गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जंबूरी 2026 से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों पर कांग्रेस की याचिका को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इस विषय पर पहले ही स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किए गए हैं। शिकायत करने और कानूनी प्रक्रिया अपनाने का अधिकार सभी को है। शिक्षा मंत्री भी इस पर अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं, ऐसे में किसी प्रकार का संदेह नहीं रहना चाहिए।
अंबिकापुर में केसीसी योजना को लेकर किसानों के साथ धोखाधड़ी के आरोपों और प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जहां से भी शिकायतें सामने आएंगी, वहां जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सरकार की नीति शुरू से ही साफ है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा और हर शिकायत की गंभीरता से जांच होगी।














