Sunday, March 29, 2026
Home Breaking धार्मिक जुलूस के दौरान विवाद, मोमिनपारा में बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाला...

धार्मिक जुलूस के दौरान विवाद, मोमिनपारा में बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

10

The Duniyadari: रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित मोमिनपारा में धार्मिक जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए।

मिली जानकारी के अनुसार, जुलूस के मार्ग और अन्य बातों को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट की बात सामने आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्र टिप्पणी और हमला करने के आरोप लगाए हैं। एक पक्ष का दावा है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने तलवार से हमला किया, जिससे स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी दलबल के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।