नक्सलवाद पर निर्णायक मंथन: अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा, बस्तर में करेंगे रणनीति की समीक्षा

18

The Duniyadari: रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शनिवार रात राजधानी रायपुर पहुंचेंगे और अगले दिन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को लेकर एक अहम उच्चस्तरीय बैठक करेंगे।

रायपुर में होने वाली इस समीक्षा बैठक में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियानों की अब तक की प्रगति और आगे की कार्ययोजना पर गहन चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री बस्तर के लिए रवाना होंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।

अमित शाह का यह दौरा ऐसे वक्त पर हो रहा है, जब केंद्र सरकार द्वारा नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए तय की गई 31 मार्च 2026 की समयसीमा नजदीक है। इस डेडलाइन की घोषणा स्वयं केंद्रीय गृहमंत्री ने की थी, जिससे अभियान को लेकर सरकार की गंभीरता साफ झलकती है।

छत्तीसगढ़ समेत अन्य नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बल लगातार सघन अभियान चला रहे हैं। अब जब समयसीमा में कुछ ही महीने शेष हैं, ऐसे में अमित शाह का यह दौरा भविष्य की रणनीति तय करने और जमीनी हालात की समीक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले अमित शाह 4 अक्टूबर 2025 को विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव में शामिल होने बस्तर पहुंचे थे। बार-बार बस्तर का दौरा यह संकेत देता है कि केंद्र सरकार नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को लेकर पूरी तरह सक्रिय और प्रतिबद्ध है।