Friday, April 10, 2026
Home Breaking नक्सलियों के नाम पर जज को धमकी, 3 करोड़ की फिरौती मांगी,...

नक्सलियों के नाम पर जज को धमकी, 3 करोड़ की फिरौती मांगी, सुरक्षा बढ़ाई गई

8

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में पदस्थ एक न्यायिक अधिकारी को जान से मारने की धमकी मिलने से प्रशासन और न्यायिक व्यवस्था में हड़कंप मच गया है। गुण्डरदेही में कार्यरत प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन को डाक के जरिए एक बंद लिफाफा मिला, जिसमें उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है।

धमकी भरे पत्र में भेजने वाले ने खुद को नक्सली संगठन से जुड़ा बताया है और 3 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है। मजिस्ट्रेट ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 27 मार्च को दोपहर के समय पोस्टमैन के जरिए यह पत्र प्राप्त हुआ।

पत्र में लिखा गया है कि यदि निर्धारित रकम नहीं दी गई तो मजिस्ट्रेट और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। साथ ही पत्र में आरोप लगाया गया है कि न्यायिक अधिकारी रिश्वत लेकर फैसले करते हैं और गरीबों को परेशान किया जा रहा है।

पत्र में यह भी दावा किया गया है कि धमकी देने वाले बस्तर, कांकेर, ओडिशा और झारखंड क्षेत्र में सक्रिय नक्सली संगठन से जुड़े हैं। हालांकि पुलिस इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है कि यह वास्तव में नक्सलियों का मामला है या किसी शरारती तत्व की साजिश।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुण्डरदेही थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमों को पत्र के स्रोत का पता लगाने में लगाया गया है। वहीं न्यायिक अधिकारी की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।