Sunday, March 22, 2026
Home कोरबा नगर पालिक निगम कोरबा का स्वच्छता महाअभियान तेज, आयुक्त ने...

नगर पालिक निगम कोरबा का स्वच्छता महाअभियान तेज, आयुक्त ने किया पैदल निरीक्षण

26

The Duniyadari: कोरबा, 28 फरवरी 2026। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 25 फरवरी से शुरू किया गया स्वच्छता महाअभियान लगातार जारी है। अभियान के चौथे दिन शनिवार को वार्ड क्रमांक 02 पटेलपारा और वार्ड क्रमांक 03 साकेत नगर में विशेष मेगा ड्राइव चलाकर व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए गए।

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय स्वयं वार्डों में पहुंचे और गलियों में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नालियों की अंदरूनी सफाई, सड़कों से कचरा व मलबा हटाने तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

महापौर संजू देवी राजपूत के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत नालियों पर रखे स्लैब हटाकर भीतर जमी गाद साफ की गई। सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को काटा गया और जमा धूल-मिट्टी हटाई गई। कचरे का तत्काल उठाव कर उसका परिवहन सुनिश्चित किया गया। साथ ही मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया गया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने घर-घर जाकर नागरिकों से चर्चा की और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और नाली व्यवस्था की स्थिति जानी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी जांचा गया कि कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से पहुंच रहे हैं या नहीं और घरों में डस्टबिन की उपलब्धता है या नहीं।

अभियान के दौरान डी.डी.एम. रोड स्थित एक होटल से किचन अपशिष्ट नाली में डाले जाने का मामला सामने आया। इससे नाली जाम हो रही थी और गंदगी फैल रही थी। मामले को गंभीर मानते हुए आयुक्त ने होटल संचालक पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। निगम अमले ने मौके पर ही कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की चेतावनी दी।

आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, कचरा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से बचने का भी आग्रह किया गया।

निगम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 मार्च को वार्ड क्रमांक 24 बुधवारी और वार्ड क्रमांक 26 रविशंकर शुक्ल नगर में भी विशेष मेगा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।