The Duniyadari: मनेंद्रगढ़- जिले के शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता का गंभीर मामला सामने आने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में स्कूल पहुंचने पर प्राथमिक शाला बाला, विकासखंड मनेंद्रगढ़ में पदस्थ प्रधानपाठक पारस राम वर्मा और सहायक शिक्षक मेहीलाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों शिक्षक ड्यूटी समय में शराब के नशे में पाए गए। मौके पर पंचनामा तैयार कर दोनों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शिक्षकों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ भेजा गया। मेडिकल जांच रिपोर्ट में भी शराब पीने की पुष्टि होने के बाद जांच प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय को सौंपा गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 और 23 का उल्लंघन मानते हुए दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवा के दौरान अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















