Tuesday, March 10, 2026
Home कोरबा नहर में डूबने से 9 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में...

नहर में डूबने से 9 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम

25

The Duniyadari: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा के जंगलपारा मोहल्ले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 9 साल के बच्चे की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृत बालक की पहचान रोशन कंवर के रूप में हुई है, जो कोथारी कचोरा गांव का रहने वाला था। उसके पिता मजदूरी और खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि बच्चा इन दिनों अपने रिश्तेदारों के घर तरदा गांव आया हुआ था। दोपहर में वह परिजनों के साथ नहर पर नहाने गया, जहां नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहर में पानी का बहाव काफी तेज था। बच्चा जैसे ही धारा में फंसा, वह देखते ही देखते बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के आगे उनकी कोशिश नाकाम रही।

सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे बाद बच्चे का शव पंतोरा के पास बरामद हुआ, जो जांजगीर-चांपा जिले की सीमा में आता है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। इस हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।