निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर भीषण हादसा: युवा कांग्रेस नेता समेत दो की मौत, दो गंभीर

27

The Duniyadari: कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में युवा कांग्रेस नेता सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मस्तूरी से बालको की ओर जा रही एक कार अनजाने में निर्माणाधीन लेन पर चढ़ गई। संतुलन बिगड़ने से कार खाईनुमा हिस्से में जा गिरी और कई बार पलट गई। वाहन में सवार मस्तूरी निवासी युवा कांग्रेस नेता राहुल राय और कारोबारी ढालू अग्रवाल को गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला राम साहू और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे परिचितों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए घायलों को बिलासपुर के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक व्याप्त है।