Monday, April 20, 2026
Home Breaking निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में हादसा: ट्रेलर पलटने से मजदूर की मौत, चालक...

निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में हादसा: ट्रेलर पलटने से मजदूर की मौत, चालक फरार

27

The Duniyadari: कोरबा-  रजगामार चौकी क्षेत्र में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी से भरे ट्रेलर को खाली करते समय अचानक उसका हाइड्रोलिक जैक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की चपेट में आकर पास खड़ा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और कोरबा में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह ट्रेलर के पास खड़ा होकर स्टेपनी बदलवा रहा था, तभी अचानक ट्रेलर पलट गया और वह उसकी चपेट में आ गया।

घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मजदूरों ने आरोप लगाया कि यह दुर्घटना लापरवाही का परिणाम है। उनका कहना है कि घटना के समय साइट इंचार्ज मौजूद नहीं था और ट्रेलर को बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के खाली किया जा रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके रिश्तेदार बिहार से कोरबा पहुंच रहे हैं।

मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद कैसर ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि युवक की मौत हो चुकी थी और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।