Monday, March 23, 2026
Home Breaking पड़ोसी का हमला: बुजुर्ग महिला को डंडे से पीटा, इलाके में दहशत

पड़ोसी का हमला: बुजुर्ग महिला को डंडे से पीटा, इलाके में दहशत

13

The Duniyadari: रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से एक बार फिर पड़ोसी विवाद के हिंसक रूप लेने का मामला सामने आया है। मठपुरैना स्थित सहाड़ा देव चौक में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग महिला पर उसके ही पड़ोसी ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे पुराने विवाद को लेकर आरोपी बिनोद साहू ने अपने पड़ोसी के घर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने घर में मौजूद कुमारी बाई साहू के साथ अभद्रता की। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने हाथ में रखे डंडे से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला के दाहिने पैर में चोट आई।

घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले भी कई बार घर आकर झगड़ा करता रहा है और जान से मारने की धमकी देता है, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के साक्ष्य जुटाए जा सकें।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में छोटे-छोटे विवाद अब गंभीर रूप लेने लगे हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।