Sunday, March 8, 2026
Home Breaking पति से पीछा छुड़ाना था, दामाद को ही दी 50000 में हत्या...

पति से पीछा छुड़ाना था, दामाद को ही दी 50000 में हत्या की सुपारी; साइकिल की चेन से घोंटा गला

129

The Duniyadari: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पत्नी ने अपने ही पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी. दूसरी महिला से अवैध संबंध से नाराज पत्नी ने 50 हजार की सुपारी देकर हत्या कराई, हत्या की घटना के 2 महीने के बाद आखिरकार पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया. हत्या में शामिल महिला समेत 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और हत्या में दिए गए सुपारी के तौर पर 15 हजार भी पुलिस ने बरामद किया है.

मामला करमा थाना क्षेत्र का है, इसी साल 25 जनवरी को करमा थाना क्षेत्र के पथरीहवा गांव में दुग्ध विक्रेता रामनरेश यादव उम्र 45 वर्ष का शव सड़क किनारे पड़ा था. पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल शुरू की. पत्नी सुनीता देवी ने ही अपने पति की हत्या का मुकदमा अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया था. मृतक रामनरेश यादव का दूसरी महिला से तीन वर्षों से अवैध संबंध चल रहा था, जिसको लेकर पत्नी सुनीता और रामनरेश में अक्सर विवाद रहता था.

दूसरी महिला से संबंध होने की वजह से रामनरेश पत्नी और बच्चों पर बेवजह नाराज और उनको प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर पत्नी सुनीता ने अपने दामाद से संपर्क किया और पति रामनरेश की हत्या का प्लान बनाया. दामाद ने इसके लिए चार युवकों को हायर किया. 50 हजार में हत्या का प्लान तैयार किया गया.

अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के माध्यम से हत्या का खुलासा करने में सहयोग मिला. अपर पुलिस अधीक्षक जब गहराई से इसकी छानबीन शुरू की गई, तो मालूम चला कि मृतक के घर के पास ही कुसुम कोल का घर था, जहां रामनरेश अक्सर जाया करता था और दूध दिया करता था. इस वजह से उसकी नजदीकियां कुसुम कोल से बढ़ गई थी. उसके अवैध संबंध भी कुसुम से हो गए थे. कुसुम से नजदीकियां पत्नी को नागवार गुजरी. इसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा.

पत्नी ने कराई पति की हत्या

पीड़ित होकर पत्नी ने अपने दामाद आलोक यादव को 50 हजार रुपए देकर अपने पति की हत्या की बात कही. आलोक यादव ने चार लोगों से डील किया और उनसे हत्या करवा दी. साइकिल की चैन से मारकर राम नरेश की हत्या की गई. गिरफ्तार किए गए लोगों में पत्नी सुनीता देवी के अलावा दामाद आलोक यादव, संदीप कुमार, अजीत उर्फ गोलू, अंकित कुमार, मयंक कोल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. इन सभी का पहली बार किसी क्राइम में नाम आया है.