Wednesday, October 21, 2026
Home कोरबा पहचान उजागर, आरोपी अब तक फरार – पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

पहचान उजागर, आरोपी अब तक फरार – पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

236

The Duniyadari : कोरबा। कोरबा सिटी कोतवाली क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर मामले में पुलिस की धीमी कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रार्थी मोहम्मद यासीन की रिपोर्ट पर 05 जुलाई 2025 की रात हुई घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। घटना के दौरान आधी रात करीब 2 बजे कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।

जांच के दौरान आरोपियों की पहचान आदित्य सिंह, सौरभ सिंह उर्फ चिक्की, पंकज सोनी, विकास यादव, शुभम शुक्ला, सौरभ सिंह राजपूत, सोमनाथ गुप्ता उर्फ सोमू सहित अन्य लोगों के रूप में सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी पर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। बावजूद इसके अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

पीड़ित का कहना है कि लगातार धमकियां मिलने से उनके परिवार की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

इस पूरे मामले को लेकर आम जनता और समाजसेवी संगठन भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। पहचान उजागर होने के बावजूद आरोपियों को गिरफ्तार न करना पुलिस की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है।