The Duniyadari: रायपुर- यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेल पहली बार ब्रह्मपुर–उधना अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल (08411) का संचालन शुरू करने जा रही है। यह विशेष ट्रेन ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।
रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन आधुनिक एलएचबी कोचों से सुसज्जित होगी और ब्रह्मपुर–उधना–ब्रह्मपुर अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी। ट्रेन का पहला परिचालन 6 जुलाई 2026 (सोमवार) को किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन शाम 5 बजे ब्रह्मपुर स्टेशन से रवाना होगी। इसके बाद यह विजयनगरम, टिटलागढ़, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, अकोला और भुसावल होते हुए अगले दिन दोपहर 2 बजे उधना पहुंचेगी।
छत्तीसगढ़ में यह ट्रेन रायपुर स्टेशन पर सुबह 7:20 बजे तथा दुर्ग स्टेशन पर सुबह 8:15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद गोंदिया और नागपुर की ओर रवाना होगी।
रेलवे का कहना है कि इस नई स्पेशल ट्रेन के संचालन से पूर्वी और पश्चिमी भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह एक नया और सुविधाजनक विकल्प साबित होगा।















