Friday, April 10, 2026
Home Breaking पाली विकासखंड में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता में कमी पर अधिकारियों...

पाली विकासखंड में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता में कमी पर अधिकारियों को फटकार

8

The Duniyadari: कोरबा जिले के पाली विकासखंड में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने सभी निर्माणाधीन भवनों में तकनीकी स्वीकृति (टीएस) के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दोषपूर्ण कार्यों को तत्काल सुधारने, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूर्ण करने को कहा।

ग्राम पंचायत लाफा में डीएमएफ मद से बन रहे चिकित्सक आवास के निरीक्षण के दौरान दरवाजे, प्लंबिंग और सेनेटरी फिटिंग्स मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अमानक दरवाजों को हटाकर नए लगाने के निर्देश दिए। भवन में सीपेज और खराब पुताई मिलने पर भी उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसी रोड और बोरवेल निर्माण कराने को कहा।

जेमरा में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में खामियां मिलने पर ढलाई कार्य को तोड़कर पुनः कराने के निर्देश दिए गए। वहीं धौराभांठा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा गया। बच्चों की सुविधा के अनुरूप खिड़कियां लगाने तथा जर्जर भवन हटाने के निर्देश भी दिए गए।

पाली कॉलेज में निर्माणाधीन कॉन्फ्रेंस हॉल की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त माखनपुर से जूनापारा तक पीएम जनमन सड़क और चैतुरगढ़ मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।