The Duniyadari: नई दिल्ली/रायपुर- छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) डॉ. संतोष कुमार सिंह को उनकी शोधपरक पुस्तक के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी प्रशंसा मिली है। उनकी पुस्तक को प्रधानमंत्री कार्यालय और अजीत डोभाल के कार्यालय से प्रशंसा पत्र प्राप्त हुए हैं, जिसे राज्य और पुलिस सेवा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधान सचिव-2 शशिकांत दास ने 12 मार्च 2026 को भेजे पत्र में डॉ. सिंह की पुस्तक “Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi” की सराहना करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय शांति स्थापना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया। उन्होंने डॉ. सिंह के गहन अध्ययन, समर्पण और शोधपरक दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए इस पुस्तक को सार्थक अकादमिक कार्य बताया।
वहीं, 23 मार्च 2026 को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अपने पत्र में पुस्तक को शोधपूर्ण और विश्लेषणात्मक बताते हुए इसकी विशेषताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुस्तक में संयुक्त राष्ट्र के पीसबिल्डिंग कमीशन की कार्यप्रणाली, संस्थागत ढांचे और शांति स्थापना में उसकी भूमिका का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।
डोभाल ने विशेष रूप से सिएरा लियोन और बुरुंडी जैसे देशों में संयुक्त राष्ट्र के शांति प्रयासों के अध्ययन को उल्लेखनीय बताया। उनके अनुसार, वैश्विक संघर्षों और बदलते सुरक्षा परिदृश्य के बीच इस प्रकार के शोध नीति निर्माताओं, शोधार्थियों और रणनीतिक विशेषज्ञों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉ. सिंह के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए उनके अकादमिक और पेशेवर जीवन में निरंतर सफलता की कामना की है।
गौरतलब है कि डॉ. संतोष कुमार सिंह वर्तमान में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल मुख्यालय, नई दिल्ली में डीआईजी के पद पर पदस्थ हैं। उनकी यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। साथ ही, यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय संबंध, शांति अध्ययन और संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली पर शोध करने वाले विद्यार्थियों और विशेषज्ञों के लिए भी महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री मानी जा रही है।















