Tuesday, March 10, 2026
Home कवर्धा पीपरटोला घाट हादसा: खाई में गिरे ट्रैक्टर से चालक की मौत, 5...

पीपरटोला घाट हादसा: खाई में गिरे ट्रैक्टर से चालक की मौत, 5 नाबालिग घायल

12

The Duniyadari: कवर्धा, 17 फरवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की जान चली गई, जबकि वाहन में सवार पांच नाबालिग बच्चे घायल हो गए। हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र के पीपरटोला घाट में हुआ, जहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिरझूनगर निवासी मनीराम बैगा सोमवार को ट्रैक्टर से घाट पार कर रहे थे। वाहन में उनके साथ पांच नाबालिग भी सवार थे। ढलान और तीखे मोड़ पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में घायल बच्चों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायल बच्चों को हल्की चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।