Tuesday, March 31, 2026
Home Breaking पुलिस का ऑपरेशन आघात: 57 लीटर महुआ शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस का ऑपरेशन आघात: 57 लीटर महुआ शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

12

The Duniyadari:रायगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पूंजीपथरा और चक्रधरनगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 57 लीटर महुआ शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थाना पूंजीपथरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुडगुड आमापाली के जंगल नाला किनारे अवैध महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गंगाधर यादव (35 वर्ष) को 20 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। इसके बाद दूसरी कार्रवाई में मकरध्वज राठिया (38 वर्ष) को उसी क्षेत्र से 30 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ पूंजीपथरा थाना में आबकारी एक्ट की धारा 34-2 और 59-क के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संजय यादव, सतीश सिंह, विक्रम कुजूर, हेमसागर पटेल, सुरेंद्र यादव और आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इधर, चक्रधरनगर थाना पुलिस को भी सूचना मिली कि साहेब राम कॉलोनी में कुल्लु बाघ नामक व्यक्ति घर के बाहर अवैध शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और कुल्लु बाघ (36 वर्ष) को 7 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब को कोल्ड ड्रिंक बोतल और जरीकैन में रखा गया था।

आरोपी के खिलाफ चक्रधरनगर थाना में आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, दिलीप भानु, वीरेंद्र तिर्की, आरक्षक चंद्रकुमार बजारे और मिनकेतन पटेल शामिल रहे।