Monday, March 30, 2026
Home Breaking पुलिस भर्ती पर उठे सवाल: अंकों में हेरफेर का आरोप, अभ्यर्थी डबल...

पुलिस भर्ती पर उठे सवाल: अंकों में हेरफेर का आरोप, अभ्यर्थी डबल बेंच में देंगे चुनौती

10

The Duniyadari: बिलासपुर में जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती प्रक्रिया 2023-24 को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पारदर्शिता के दावों के बीच अब चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। भर्ती में कथित गड़बड़ी से नाराज़ अभ्यर्थियों ने अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील करने की तैयारी कर ली है।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि जांच के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंकों में बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आई हैं। उनका कहना है कि लंबीकूद प्रतियोगिता में कुछ उम्मीदवारों ने लगभग 5 मीटर की दूरी तय की, लेकिन तकनीकी स्टाफ द्वारा माप बढ़ाकर 5.541 मीटर दर्ज कर दिया गया और पूर्ण 20 अंक प्रदान कर दिए गए।

इसके अलावा गोला फेंक स्पर्धा में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। अभ्यर्थियों के अनुसार, फाउल करने वाले प्रतिभागियों को भी 14 से 17 अंक दिए गए, जिससे चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले को और गंभीर बनाते हुए अभ्यर्थियों ने 24 और 25 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज हटाए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इससे पूरी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर संदेह और गहरा गया है।

यह मामला पहले ही हाईकोर्ट की सिंगल बेंच तक पहुंच चुका है, लेकिन वहां से संतोषजनक राहत नहीं मिलने पर अब अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग के साथ डबल बेंच में अपील करने जा रहे हैं।

इस विवाद के बाद पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो बड़ी संख्या में उम्मीदवार आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। वहीं अब सभी की नजर हाईकोर्ट की डबल बेंच के आगामी फैसले पर टिकी हुई है।