Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बाबा गुरु घासीदास जयंती पर दिया समानता...

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बाबा गुरु घासीदास जयंती पर दिया समानता और मानवता का संदेश

40

The Duniyadari : कोरबा। संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती के पावन अवसर पर कोरबा जिला मुख्यालय के टीपी नगर स्थित सतनाम प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कोरबावासियों को बाबा गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए प्रगति, समृद्धि, अमन-चैन और सुख-शांति की कामना की।

अपने उद्बोधन में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि “मनखे–मनखे एक समान” का संदेश देने वाले बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलना आज के समाज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सत्य, समानता और मानवता के सिद्धांतों को अपनाकर ही समाज को अधिक विकसित और समृद्ध बनाया जा सकता है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने सदैव सभी समाजों की सेवा की है और आगे भी यह सेवा निरंतर जारी रहेगी। उनका उद्देश्य है कि कोरबा के प्रत्येक समाज के पास अपनी जमीन और भवन हो, ताकि सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उन्हें किसी अन्य स्थान पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने बताया कि इसी दिशा में किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप आज अधिकांश समाजों के पास अपने भवन हैं, जिन्हें संरक्षित और सुव्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक परिवार की है।

पूर्व मंत्री ने यह भी बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सतनाम समाज के लिए इस स्थल की जमीन नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण कर दी थी। शेष औपचारिकताएं समाज के पदाधिकारी वर्तमान सरकार से समन्वय कर पूरी करा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित अन्य अतिथियों का सतनाम समाज के पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ व पुष्पहार भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर सतनाम समाज के अध्यक्ष नारायण कुर्रे, सचिव आर.डी. भारद्वाज, कोषाध्यक्ष मनोज मनहर सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।