Friday, September 11, 2026
Home Breaking पेट्रोल पंप से बाइक उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 5 चोरी की...

पेट्रोल पंप से बाइक उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

34

The Duniyadari: Raipur- राजधानी पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

मामला उरला थाना क्षेत्र का है। 4 जुलाई 2026 को पेट्रोल पंप कर्मचारी देवेंद्र साहू ने अपनी बाइक पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी कर ड्यूटी पर गया था। कुछ देर बाद लौटने पर उसकी बाइक गायब मिली। शिकायत के आधार पर उरला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच-पड़ताल की, लोगों से पूछताछ की और मुखबिरों को सक्रिय किया।

जांच के दौरान सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभय दुबे पिता सच्चिदानंद दुबे बताया और पेट्रोल पंप से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने शहर के अलग-अलग इलाकों से चार अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने का भी खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।