The Duniyadari: कोरबा, 07 मार्च। जिले के दूरस्थ आदिवासी बहुल ग्राम नकिया में शनिवार को उस समय अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब कलेक्टर कुनाल दुदावत अचानक गांव पहुंच गए। आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर के इस सहज अंदाज से ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बातें रखीं।
ग्रामीणों ने राशन, सड़क, बिजली, स्कूल, आंगनबाड़ी, बाजार शेड और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं। कलेक्टर ने सभी समस्याओं का परीक्षण कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने कोरबा विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम लेमरू, नकिया और श्यांग का निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। पीवीटीजी परिवारों के बीच चौपाल लगाकर उन्होंने योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को सोमवार को गांव में शिविर लगाकर जांच करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण, कोतरा डांड तक सड़क, खराखेत पारा में स्कूल भवन और आंगनबाड़ी, गांवों में विद्युतीकरण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए आवास स्वीकृत करने की मांग रखी। कलेक्टर ने कहा कि जिन परिवारों का सर्वे नहीं हुआ है वे आवेदन दें, नया लक्ष्य मिलते ही आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
कलेक्टर ने लेमरू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां लैब टेक्नीशियन की व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव और हाई-रिस्क मामलों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके अलावा चिर्रा-श्यांग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने ठेकेदार को जून तक सड़क निर्माण पूरा करने और काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
ग्राम नकिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत समय पर घर निर्माण पूरा करने वाले पहाड़ी कोरवा समुदाय के हितग्राही वीरूराम और शाम कुंवर को कलेक्टर ने सम्मानित भी किया।
दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज कुमार गुरबले, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
































