पोड़ी चौकी में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़: 25 हजार लेते SI रंगे हाथ गिरफ्तार

4

The Duniyadari: कोरबा। जिले के पोड़ी चौकी क्षेत्र में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर (SI) को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को मौके से हिरासत में लिया गया, जबकि मामले में संलिप्त एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को बाद में अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया।

मर्डर केस में फंसाने की धमकी का आरोप

जानकारी के अनुसार, ग्राम पोड़ी निवासी किसान सत्येंद्र प्रजापति ने घर निर्माण के लिए मजदूर मोहित घसिया से ईंट बनवाई थी। ईंट निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढे में मजदूर के बेटे की डूबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

आरोप है कि जांच के लिए गांव पहुंचे एसआई अब्दुल मुनाफ और एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव ने किसान को आपराधिक मामले में फंसाने की बात कही। दोनों ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर हत्या के केस में फंसाने की धमकी दी। किसान ने असमर्थता जताई तो 25 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।

ACB में शिकायत और जाल बिछाकर कार्रवाई

किसान ने 21 फरवरी को एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की छह सदस्यीय टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।

24 फरवरी को शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 25 हजार रुपये देकर चौकी भेजा गया। तय संकेत मिलते ही टीम अंदर पहुंची और एसआई अब्दुल मुनाफ को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। रकम जब्त कर ली गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

इस बीच, ट्रांसफर होकर अंबिकापुर जा चुके एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

वीडियो आया सामने, जांच जारी

एसीबी की कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिसकर्मी अपने बचाव में सबूत की बात करता नजर आ रहा है। एसीबी के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने पुष्टि की है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।