Sunday, March 15, 2026
Home समस्तीपुर प्रेम प्रसंग को लेकर बवाल, दो परिवार आमने-सामने, गांव में पथराव

प्रेम प्रसंग को लेकर बवाल, दो परिवार आमने-सामने, गांव में पथराव

25

The Duniyadari : समस्तीपुर। जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला अचानक हिंसक हो गया। एक युवक अपनी प्रेमिका के साथ घर से चले जाने के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया, जो बाद में मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

जानकारी के अनुसार 26 जनवरी को गांव का एक युवक अपनी प्रेमिका को लेकर फरार हो गया। युवती के लापता होने पर उसके परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर विरोध जताया और बेटी को वापस लाने की मांग की। पहले दिन दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन बात नहीं बनी। अगले दिन युवती के वापस न लौटने पर उसके परिजन आक्रोशित हो गए और झुंड बनाकर युवक के घर पहुंच गए, जहां हमला कर दिया गया।

हमले के बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। इस झड़प में कई लोग घायल हो गए, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर थाने ले जाकर पूछताछ की। फिलहाल मामले की जांच जारी है और युवती की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। प्रशासन गांव में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।