The Duniyadari: जालोर (राजस्थान):
राजस्थान के जालोर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां कथित प्रेम संबंध के चलते एक पुरुष और विवाहित महिला ने नर्मदा नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में महिला अपनी सात साल की मासूम बेटी को भी साथ ले गई। पुलिस ने गुरुवार को नहर से तीनों के शव बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अमृत भील (27), परास देवी (30) और उसकी सात साल की बेटी खुशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परास देवी की शादी रूदाराम मेघवाल से हुई थी, लेकिन उसका पास के गांव के रहने वाले अमृत भील के साथ कथित प्रेम संबंध था।
चितलवाना थाना प्रभारी भूराराम के अनुसार, तीनों बुधवार रात से अपने-अपने घरों से लापता थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अमृत और परास देवी मोटरसाइकिल से चितलवाना इलाके में नर्मदा नहर के पास पहुंचे। वहां दोनों ने पहले खुद को एक कपड़े से बांधा और फिर नहर में छलांग लगा दी। महिला अपनी सात साल की बेटी को भी साथ ले गई।
गुरुवार सुबह नहर के किनारे एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जिस पर आधार कार्ड और मोबाइल फोन भी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस को संदेह हुआ और खोजबीन शुरू की गई। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद देर शाम तीनों शवों को नहर से बाहर निकाला।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
































