Thursday, April 2, 2026
Home Breaking फर्जी कॉल कर अस्पताल संचालकों से उगाही की कोशिश, स्वास्थ्य विभाग ने...

फर्जी कॉल कर अस्पताल संचालकों से उगाही की कोशिश, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

10

The Duniyadari: रायपुर (जसेरि)। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के नाम पर फर्जी कॉल कर निजी अस्पताल संचालकों से धन उगाही करने का मामला सामने आया है। खुद को मंत्रालय से जुड़ा अधिकारी बताने वाला एक अज्ञात व्यक्ति अस्पतालों को फोन कर शिकायतों का हवाला देकर दबाव बना रहा है और मामले को खत्म कराने के नाम पर पैसों की मांग कर रहा है।

मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित कटारिया ने रायपुर पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल जांच और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की है। विभाग का कहना है कि आरोपी सचिव के नाम और पद का दुरुपयोग कर विभाग की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।

मंत्रालय बुलाने का झांसा देकर दबाव

शिकायत के अनुसार, आरोपी खुद को “अजय अग्रवाल” बताकर विभिन्न निजी अस्पताल संचालकों से संपर्क कर रहा है। वह अस्पतालों के खिलाफ कथित शिकायतों का हवाला देता है और उन्हें मंत्रालय बुलाने की बात कहकर गुमराह करता है। इस दौरान अप्रत्यक्ष रूप से पैसों की मांग भी की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अजय अग्रवाल नाम का कोई भी व्यक्ति सचिव कार्यालय या स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से जुड़ा नहीं है।

अस्पताल संचालकों ने दी लिखित शिकायत

इस मामले में ए.एम. हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मनोज पोपटनी और गंगोत्री अस्पताल के संचालक डॉ. ओम प्रकाश कराडे ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

इसके अलावा कई अन्य अस्पतालों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें

एस.आर. हॉस्पिटल

आर.बी. हॉस्पिटल

हाईटेक हॉस्पिटल

शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि कुछ अस्पतालों ने गोपनीयता बनाए रखने की अपील की है।

विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी अस्पतालों और संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। संदिग्ध कॉल आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।

विभाग का कहना है कि यह सुनियोजित तरीके से ठगी का प्रयास है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।