Sunday, March 22, 2026
Home Breaking फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार

फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार

4

The Duniyadari: रायपुर में ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह लोगों को बीमा पॉलिसी मैच्योर होने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजगहन थाना क्षेत्र निवासी परमजीत सिंह चड्डा को नवंबर 2024 में एक कॉल आया, जिसमें खुद को बैंक से जुड़ा व्यक्ति बताने वाले अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि उनके नाम से 98 लाख 64 हजार रुपये की बीमा राशि मैच्योर हो चुकी है। इसके बाद उन्हें प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर अलग-अलग लोगों से बात कराई गई।

गिरोह की सदस्य सरला आर्या ने पीड़ित को प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेजी कार्यवाही और टैक्स के नाम पर कई बार पैसे जमा करने के लिए कहा। भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने फर्जी बैंक दस्तावेज और भारतीय रिजर्व बैंक के नाम से नकली कागजात भी भेजे।

पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में कुल 9 लाख 60 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कर दिए। बाद में संदेह होने पर जब उन्होंने बैंक से दस्तावेजों की जांच कराई, तब ठगी का खुलासा हुआ।

मामले में पुलिस ने पहले ही गिरोह के तीन सदस्यों—अनिल कुमार, अजय तिवारी और रिंकू सिंह—को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के आधार पर फरार मास्टरमाइंड जितेंद्र कुमार उर्फ राजीव को दिल्ली से दबोचा गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह फर्जी कॉल सेंटर के जरिए लोगों को निशाना बनाकर ठगी करता था। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।