Saturday, April 4, 2026
Home Breaking फर्जी Instagram आईडी से महिला को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फोटो...

फर्जी Instagram आईडी से महिला को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फोटो एडिट कर वायरल करने की देता था धमकी

3

The Duniyadari: दुर्ग- सोशल मीडिया के जरिए महिला को ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला से दोस्ती की और बाद में उसकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने उतई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रहा था। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद आरोपी ने उससे बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर लिया। इसके बाद आरोपी ने महिला को अश्लील तस्वीरें भेजते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक बना दिया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी लगातार अभद्र संदेश भेजकर महिला पर दबाव बनाता रहा। उसने मांगें पूरी नहीं करने पर और तस्वीरें वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़िता ने आरोपी की मांग मानने से इंकार कर दिया, जिसके बाद उसने पुलिस की शरण ली।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान राधेलाल माहरा के रूप में हुई, जिसे बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को ब्लैकमेल किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और चैट से जुड़े महत्वपूर्ण स्क्रीनशॉट भी जब्त किए हैं। मामले की आगे जांच जारी है।