The Duniyadari: बिलासपुर- बर्ड फ्लू के खतरे के चलते प्रशासन द्वारा चिकन और अंडे की बिक्री पर रोक लगाने के बाद शहर के कारोबारियों में नाराजगी बढ़ गई है। व्यापारियों ने शुक्रवार को विरोध जताते हुए अमर अग्रवाल के निवास का घेराव किया और दुकानें खोलने की अनुमति देने की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन के फैसले से करीब 200 दुकानें प्रभावित हुई हैं और रोजाना एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार ठप हो गया है। उनका आरोप है कि अचानक प्रतिबंध लगने से कई लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि आवश्यक सुरक्षा मानकों के साथ कारोबार शुरू करने की अनुमति दी जाए।
दरअसल, शहर से लगे कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी चिकन और अंडा दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने निगरानी टीमों का गठन भी किया है, जो दुकानों के साथ होटल और ढाबों पर भी नजर रख रही हैं।
इधर, कारोबारियों का कहना है कि प्रतिबंध लंबे समय तक जारी रहा तो आर्थिक संकट और गहराएगा। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।















