Thursday, March 12, 2026
Home बलोदाबाज़र बलौदाबाजार में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: पलारी जनपद पंचायत के एसडीओ 25...

बलौदाबाजार में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: पलारी जनपद पंचायत के एसडीओ 25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

26

The Duniyadari: बलौदाबाजार, 19 फरवरी। जिले में गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जनपद पंचायत पलारी में दबिश देकर एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई से पंचायत विभाग में हलचल मच गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, संबंधित अधिकारी पर एक उप सरपंच से एक लाख रुपये की अवैध राशि मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि किसी शासकीय कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में यह रकम मांगी गई थी। शिकायतकर्ता उप सरपंच ने पूरे मामले की जानकारी एसीबी को दी, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की।

सूत्रों के अनुसार, तय योजना के तहत 1 लाख रुपये की मांग में से 25 हजार रुपये की पहली किस्त देने के लिए उप सरपंच एसडीओ के कार्यालय पहुंचे। जैसे ही राशि सौंपी गई, पहले से मौजूद एसीबी अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीओ को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल एसीबी की टीम कार्यालय में दस्तावेजों की जांच-पड़ताल कर रही है और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी छानबीन की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा मामले का विस्तृत खुलासा शीघ्र किया जाएगा।