Monday, March 16, 2026
Home छत्तीसगढ़ बसपा का गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से गठबंधन, छत्तीसगढ़ में कौन कितने सीटों...

बसपा का गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से गठबंधन, छत्तीसगढ़ में कौन कितने सीटों पर लड़ेगा चुनाव, यहां देखें लिस्ट

582

रायपुर। Mission 2023: छत्तीसगढ़ में इसी साल नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) मिलकर चुनाव लड़ेंगी। दोनों ही दलों ने सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाने का ऐलान किया है। दोनों दलों के बीच हुए गठबंधन के तहत बसपा 53 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

 

बसपा के केन्द्रीय कोऑर्डिनेटर और राज्यसभा सांसद रामजी गौतम औऱ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम ने सोमवार को राजधानी रायपुर के गुरु घासीदास सांस्कृतिक भवन में संयुक्त प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

 

इस दौरान बसपा नेता रामजी गौतम ने कहा कि दोनों पार्टियों की विचारधारा मेल खाती है। बसपा दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग के साथ ही जल-जंगल के अधिकार को लेकर काम करने वाली पार्टी है। वैसे ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी भी आदिवासियों के अधिकार के लिए लड़ने वाली पार्टी है।

 

वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम ने कहा कि दोनों ही पार्टियां संविधान में विश्वास रखती हैं। संविधान ने जो हक और अधिकार दिए हैं आजादी के 76 साल बाद भी उसका सही तरीके से पालन नहीं हो रहा। हम साथ में चुनाव लड़ रहे हैं और छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री बनाएंगे।

बसपा ने पहले ही घोषित किया 9 प्रत्याशी

बता दें दोनों पार्टियों के गठबंधन से पहले ही बसपा ने प्रदेश में 9 प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया था। जिसमें मस्तूरी से दाऊराम रत्नाकर, पामगढ़ से इंदु बंजारे, जैजैपुर से केशव प्रसाद चंद्रा, सामरी से आनंद तिग्गा, बेलतरा से रामकुमार सूर्यवंशी, बिलाईगढ़ से श्याम टंडन, जांजगीर-चांपा से राधेश्याम सूर्यवंशी, अकलतरा से डॉक्टर विनोद शर्मा, नवागढ़ से ओम प्रकाश बाजपेयी शामिल हैं।

 

वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने दो सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह पाली तानाखार सीट से और श्याम सिंह मरकाम भरतपुर-सोनहत से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।