बस्तर/आंध्रप्रदेश: सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में दो बड़ी कामयाबी

4

The Duniyadari : छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। मारेदुमिल्ली (ASR जिला) में हुए एनकाउंटर में कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा, उनकी पत्नी राजे और सब-जोनल कमेटी सदस्य टेक शंकर समेत 6 नक्सली ढेर कर दिए गए। इसी दौरान आंध्र प्रदेश पुलिस ने केंद्रीय समिति सदस्य (CCM) देवजी के 9 सुरक्षा गार्डों सहित कुल 31 माओवादियों को गिरफ्तार किया।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, ग्रेहाउंड फोर्स को प्राप्त इंटेलिजेंस के आधार पर मारेदुमिल्ली में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जंगल में नक्सलियों ने फायरिंग की, जिसके बाद कई घंटों तक मुठभेड़ चली। हिडमा, दक्षिण बस्तर के मोस्ट वॉन्टेड नक्सली नेताओं में शामिल था और कई बड़े हमलों में उसका नाम दर्ज था।

आंध्र प्रदेश पुलिस ने अपने अभियान में 31 माओवादी गिरफ्तार किए हैं, जिनमें 9 CCM देवजी के निजी गार्ड और 22 अन्य PLGA व साउथ बस्तर जोनल कमेटी सदस्य शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों को नक्सल संगठन के स्थानीय नेटवर्क और हमलों को प्रभावित करने वाली कार्रवाई माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि हिडमा के ढेर होने और देवजी के गार्डों की गिरफ्तारी से नक्सलियों का ऑपरेशनल नेटवर्क कमजोर होगा। सुरक्षा बल इसे नक्सल उन्मूलन अभियान में एक महत्वपूर्ण “टर्निंग पॉइंट” बता रहे हैं।