Friday, June 5, 2026
Home Breaking बस्तर दौरे पर डिप्टी सीएम अरुण साव, विकास कार्यों की जमीनी हकीकत...

बस्तर दौरे पर डिप्टी सीएम अरुण साव, विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी, धीमे निर्माण पर जताई नाराजगी

7
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायपुर/कांकेर- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास की शुरुआत कांकेर जिले से की। दौरे के पहले दिन उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान वे कोटतरा में आयोजित सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए और ग्राम पंचायत के नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक, सामग्री एवं प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

उप मुख्यमंत्री ने चारामा विकासखंड के बड़ेगौरी गांव पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों का जायजा लिया। यहां लगभग 2.49 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित जल संरचना के माध्यम से सैकड़ों घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों के घरों में जाकर जल आपूर्ति की स्थिति देखी और जल अर्पण कार्यक्रम में भी भाग लिया।

कांकेर में निर्माणाधीन 250 सीटर नालंदा परिसर का निरीक्षण करते हुए साव ने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। करीब 4.71 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने अक्टूबर तक निर्माण कार्य समाप्त करने का लक्ष्य तय किया। साथ ही शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।

दौरे के दौरान उन्होंने अमोड़ा-नरहरपुर मार्ग निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। सड़क निर्माण की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मशीनरी और श्रमिकों की तैनाती कर कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। लगभग 40 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हो रही यह 16 किलोमीटर लंबी टू-लेन सड़क क्षेत्रीय आवागमन को बेहतर बनाएगी।

बस्तर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री संभाग के सभी जिलों के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। निरीक्षण के दौरान कांकेर विधायक आशाराम नेताम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।