Saturday, March 28, 2026
Home बस्तर बस्तर में बड़ी कामयाबी: बीजापुर और सुकमा में 51 माओवादियों ने किया...

बस्तर में बड़ी कामयाबी: बीजापुर और सुकमा में 51 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

28

The Duniyadari: रायपुर/बीजापुर/सुकमा। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में शांति और विकास की दिशा में एक अहम सफलता मिली है। बीजापुर जिले में 30 और सुकमा में 21 माओवादी कैडरों ने राज्य सरकार की पुनर्वास योजना के तहत आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। इन सभी पर मिलाकर करीब 1.61 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटनाक्रम को बस्तर में शांति स्थापना की दिशा में सकारात्मक संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि हथियार छोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में भरोसा जताना यह दर्शाता है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों का असर जमीन पर दिख रहा है। पिछले दो वर्षों में दूरस्थ इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को हिंसा छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने की प्रेरणा मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीति का उद्देश्य सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास, कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। सरकार ऐसे युवाओं को समाज से जोड़ने के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बस्तर तेजी से भय और हिंसा के दौर से निकलकर शांति, विकास और नए अवसरों की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह क्षेत्र एक विकसित और समृद्ध पहचान के साथ उभरेगा।