बिग ब्रेकिंग: आनंद शर्मा ने भी छोड़ा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की संचालन समिति के अध्यक्ष का पद, बताई ये वजह

209

After Ghulam Nabi Azad, Anand Sharma left the post of President of Himachal Pradesh Congress Steering Committee

नई दिल्ली।  पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की संचालन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि इस संबंध में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को खत लिख उन्हें अवगत कराया है।

बता दें कि हाल ही में जम्मू कश्मीर में विकार रसूल को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। इसके बाद गुलाम नबी आजाद ने प्रचार कमेटी से इस्तीफा दे दिया था। अब आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस संचाल समिति अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है।

सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सोनिया गांधी को लिखे पत्र में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि वे अपने स्वाभिमान के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि पार्टी की अहम बैठकों में नहीं बुलाए जाने से भी वो नाराज चल रहे थे। इसी वजह से उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है।

बता दें कि सोनिया गांधी ने 26 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सीएलपी नेता और कैंपेन कमिटी के चेयरमैन समेत आठ अन्य कमिटियों का ऐलान किया था। जिसमें एक संचालन समिति भी थी और आनंद शर्मा को इसका अध्यक्ष बनाया गया था। आशा कुमारी को संयोजक के पद पर नियुक्त किया गया था।

आनंद शर्मा ने लिखा, मैंने महासचिव संगठन और एआईसीसी प्रभारी से संचालन समिति के जनादेश और भूमिका को स्पष्ट करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि हिमाचल कांग्रेस के कोर ग्रुप और चुनाव रणनीति और तैयारियों पर वरिष्ठ नेताओं की बैठकें दिल्ली और शिमला दोनों जगहों पर हुई हैं, लेकिन उन्हें इसके बारे में नहीं बताया गया।