बिना आदेश के ही प्राचार्य ने कर दी हड़ताल में रहने वाले शिक्षकों के वेतन में कटौती, सर्व शिक्षक संघ ने डीईओ और कलेक्टर से की शिकायत

601

कोरिया। महंगाई भत्ता को लेकर चली शासकीय कर्मचारी संगठन की हड़ताल में शासन के आदेश के बिना प्राचार्य ने अपने लिपिक के वेतन का आहरण कर स्कूल के बाकी शिक्षकों का पांच दिन का वेतन काट लिया। शिक्षकों के खाते में जब वेतन पहुंचा तो उन्हें इस बात की जानकारी हुई उसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे से की। मामला कोरिया जिले के खड़गंवा ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला उधनापुर का है जहां के प्राचार्य और लिपिक ने खुद का तो पूरा वेतन लिया लेकिन 7 शिक्षकों के वेतन में कटौती कर दी और 5 दिनों का हड़ताल अवधि का वेतन काट दिया।

इस मामले की जानकारी जब सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे को हुई तो उन्होंने प्राचार्य से सीधे फोन पर बात की तब जाकर यह पता चला कि दरअसल ट्रेजरी से मौखिक तौर पर बिल लौटाने को कहा गया था और इसके बाद प्राचार्य ने बिना उच्च कार्यालय से मार्गदर्शन लिए हड़ताल अवधि का वेतन काटते हुए बिल जमा कर दिया और यही वजह है कि शिक्षकों को कम वेतन प्राप्त हुआ। इधर इस मामले का विरोध करते हुए सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने मामले की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता और कोरिया कलेक्टर आईएएस कुलदीप शर्मा से की है ।

इस पूरे की जानकारी देते हुए सर्व शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे ने बताया कि सबसे पहली बात तो पत्र प्राचार्य के लिए जारी हुआ ही नहीं था विभागाध्यक्ष के लिए जारी हुआ था। ऐसे में जब तक विभाग के उच्च अधिकारी ने निम्न कार्यालय को निर्देशित नहीं किया है तब तक प्राचार्य को वेतन में कटौती करने का अधिकार ही नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारी ने भी उन्हें किसी प्रकार का कोई लिखित निर्देश नहीं दिया है पूरे मामले की खुद लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर से की है और मामले को उन्होंने संज्ञान में भी ले लिया है।