Sunday, March 29, 2026
Home Breaking बिलासपुर को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, मुख्यमंत्री साय आज करेंगे करोड़ों...

बिलासपुर को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, मुख्यमंत्री साय आज करेंगे करोड़ों के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

8

The Duniyadari: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर प्रवास के दौरान शहर को विकास की नई सौगात देने जा रहे हैं। अरपा रिवर व्यू के पास नवनिर्मित अटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय कुल 26.93 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य शहरों को आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर नागरिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में किए जा रहे ये कार्य शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय करीब 12.43 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें अटल परिसर का निर्माण, वार्ड क्रमांक 18 स्थित मराठी कन्या शाला भवन के प्रथम तल का निर्माण, इमलीपारा में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और रक्षित आरक्षी केंद्र का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं से शहर में सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय लगभग 14.50 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इन परियोजनाओं में अरपा क्षेत्र में सड़क, नाला और पिचिंग निर्माण, जरहाभाठा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण और उसलापुर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा व चबूतरा निर्माण शामिल है।

इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को आधुनिक शहरी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही जनजातीय गौरव और सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा।