बिलासपुर–शिवरीनारायण में लूट और जानलेवा हमले, 13 घायल; पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर होते-होते बचा

29

The Duniyadari: बिलासपुर/शिवरीनारायण, 01 फरवरी। पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्रों में 27–29 जनवरी की दरम्यानी रातों में हुईं सिलसिलेवार लूट और हमले की घटनाओं ने इलाके में दहशत फैला दी। अलग-अलग स्थानों पर हुई पांच वारदातों में कुल 13 लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जबकि एक पीड़ित कोमा में बताया जा रहा है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नौवें आरोपी की घेराबंदी के दौरान उसने देशी कट्टे से पुलिस पर फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी रॉड, डंडा और बेल्ट जैसे हथियारों से लैस होकर मोटरसाइकिलों पर घूमते थे। सुनसान और अंधेरे रास्तों पर राहगीरों को रोककर सिर और शरीर पर हमला करते, फिर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पूरी तरह संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था।

घायल नागरिकों की स्थिति

शिवरीनारायण क्षेत्र में दो घायलों को ICU में रखा गया है, जबकि अन्य को सिर और शरीर में चोटें आई हैं। पामगढ़ क्षेत्र में भी एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं और शेष घायलों का उपचार जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

पकड़े गए आरोपियों में निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे, सनी, रामनाथ (मुठभेड़ में घायल) सहित दो नाबालिग शामिल हैं।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 स्टील रॉड, 2 लाठियां, 1 बेल्ट, 4 दोपहिया वाहन, 7 आरोपियों के मोबाइल, 3 चोरी के मोबाइल और ₹9,000 नकद जब्त किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत ₹4.09 लाख आंकी गई है।

पुलिस ने संबंधित थानों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है और ऐसे संगठित अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।