The Duniyadari : बिहार चुनाव में जुटे जयसिंह अग्रवाल: लखीसराय पहुंचे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील
कोरबा। एआईसीसी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए लखीसराय जिले का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इसी क्रम में वे सोमवार को लखीसराय पहुंचे, जहां कांग्रेस जिला मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बेहतर परिणाम के लिए रणनीतिक रूप से काम करने और एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।
अग्रवाल ने कहा कि इंडिया महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। कांग्रेस न केवल अपने कोटे की सीटों पर बल्कि राजद के सभी प्रत्याशियों के समर्थन में भी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार महागठबंधन को स्पष्ट और मजबूत जनादेश देने जा रही है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि पार्टी को ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाना होगा जो हर परिस्थिति में कांग्रेस की विचारधारा पर डटे रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को मिली जबरदस्त जनसमर्थन का जिक्र करते हुए कहा कि यह जनता के भरोसे का संकेत है।
अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नफरत फैलाने वाली ताकतों का निडर होकर मुकाबला करें। कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान और जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।
इस मौके पर कोरबा नगर निगम के पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद और लखीसराय जिले के कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहे।