The Duniyadari: Durg– सुशासन तिहार के दौरान आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के प्रति कथित अभद्र व्यवहार के मामले में जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश कुमार पाण्डेय पर बड़ी कार्रवाई की गई है। संभागीय आयुक्त कार्यालय ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम धनीद में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के दौरान रूपेश कुमार पाण्डेय के व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इस संबंध में वायरल वीडियो और प्राप्त तथ्यों के परीक्षण के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की थी।
कलेक्टर दुर्ग की रिपोर्ट में कहा गया कि शिविर के दौरान अधिकारी द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती गई तथा आम लोगों के साथ अनुचित और अशिष्ट व्यवहार किया गया। इसके आधार पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
प्रशासन का मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोक सेवकों का जनता के प्रति जवाबदेह और शिष्ट होना आवश्यक है। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार का अनुचित आचरण सेवा नियमों का उल्लंघन माना जाता है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया गया।
बताया गया है कि निलंबन अवधि में रूपेश कुमार पाण्डेय का मुख्यालय संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित किया जाएगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।















