The Duniyadari: दुर्ग- जिले के नेवई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने धारदार हथियार के बल पर दंपती को डराकर महिला के गले से सोने का नेकलेस लूट लिया था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स में रहने वाले बुजुर्ग दंपती उस समय घर पर मौजूद थे, जब चेहरे पर कपड़ा बांधे एक युवक अचानक अंदर घुस आया। आरोपी ने चाकू दिखाकर दोनों को धमकाया और घर में रखे जेवर व नकदी के बारे में पूछताछ करने लगा। इसी दौरान उसने महिला के गले से सोने का नेकलेस छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।
जांच के बाद पुलिस ने 21 वर्षीय विभान्शु महोबिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के मंडला जिले का निवासी है और फिलहाल भिलाई के हॉस्पिटल सेक्टर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।















