ब्रेकिंग  कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति मुर्मू से लिखित में मांगी माफी, महामहिम पर की थी अमर्यादित टिप्पणी

214

नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अपनी अमर्यादित टिप्पणी के लिए कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने पत्र जारी कर माफी मांगी है। जारी पत्र जारी में उन्होंने लिखा है- “मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मेरी जुबान फिसल गई थी। मैं माफी मांगता हूं और आपसे इसे स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।

बता दें कि बुधवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ का विरोध कर रहे थे और धरना दे रहे थे। धरने के दौरान ही अधीर रंजन चौधरी ने एक समाचार चैनल से बातचीत के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए गलत शब्द का इस्तेमाल किया।

उनके बयान पर विवाद हुआ और संसद में खूब हंगामा मचा। गुरुवार को मॉनसून सत्र में कार्यवाही के दौरान जमकर हंगामा हुआ। अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए इस्तेमाल किए गए गलत शब्द को लेकर भाजपा नेताओं ने जमकर हंगामा किया।

सत्ता पक्ष के सांसदों ने अधीर रंजन से माफी मांगने की मांग की। भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने सोनिया गांधी का नाम घसीटा और उनसे भी माफी मांगने की मांग की। काफी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित भी करनी पड़ी थी।