The Duniyadari: कोरबा। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा सावन माह के अवसर पर आयोजित संगठनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में रविवार को जिला कोरबा में भव्य परिचयात्मक बैठक एवं हरेली उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह पैकरा का संभाग के जिलों में प्रथम प्रवास के तहत आत्मीय स्वागत किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, तिलक, आरती, पुष्पगुच्छ, श्रीफल, शॉल एवं ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

बैठक में संभाग प्रभारी फुलेश्वरी सिंह पैकरा ने महिला कार्यकर्ताओं को भाजपा की संगठनात्मक रीति-नीति, कार्यपद्धति एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पारंपरिक व्यंजनों से सजा हरेली उत्सव
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति और परंपराओं का भी रंग देखने को मिला। महिलाओं ने माता पार्वती एवं भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर पारंपरिक व्यंजनों का भोग लगाया। खुरमी, ठेठरी, अरसा, मीठा फरा, नमकीन फरा, मालपुआ, पपची, सोंहारी, कोदो की खीर सहित विभिन्न छत्तीसगढ़ी पकवानों का प्रसाद वितरित किया गया।

हरेली उत्सव के दौरान नारियल फेंक प्रतियोगिता एवं गेड़ी का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी।
वीर जवानों के लिए रक्षा-सूत्र का संकलन
कार्यक्रम के दौरान देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान और शुभकामना व्यक्त करते हुए रक्षा-सूत्र संकलन भी किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जवान भाइयों के लिए रक्षा-सूत्र एकत्रित किए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कोहड़िया पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित महिला मोर्चा की प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष एवं कोरबा प्रभारी संगीता शर्मा, सह प्रभारी उमा सोनी, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मंजुला सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रंजीता शर्मा, वैशाली रतनपारखी, जिला महामंत्री अनसुईया राठौर एवं स्वाति कश्यप समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संगठनात्मक बैठक के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और महिला शक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला।















