The Duniyadari: Balrampur-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र से भीड़ हिंसा का मामला सामने आया है, जहां चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया। घटना ग्राम धारानगर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोरंधा निवासी श्रीकांत सिंह शनिवार को बाइक से करीब 8 किलोमीटर दूर धारानगर पहुंचा था। ग्रामीणों का आरोप है कि उसने किसान परशु मिंज के सूने घर में घुसकर सरसों की एक छोटी बोरी और करीब 300 रुपये नकद चुरा लिए। परिवार उस समय घर बंद कर महुआ बीनने गया हुआ था।
वापसी के दौरान ग्रामीणों को उस पर शक हुआ और उसे रोककर पूछताछ की गई। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर भीड़ ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि युवक को सड़क पर लाकर उसके कपड़े फाड़ दिए गए, बाल आधे काट दिए गए और पाइप से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट के दौरान युवक ने चोरी की बात स्वीकार भी कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर जब युवक के पिता मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी Jitendra Jaiswal के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है और जांच जारी है। हालांकि, अब तक चोरी का अलग से कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग पेश नहीं हुए। पूरे मामले की जांच की जा रही है।















