Friday, March 20, 2026
Home Breaking भीषण गर्मी का अलर्ट, बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों में गिर सकते हैं...

भीषण गर्मी का अलर्ट, बिहार-बंगाल सहित इन राज्यों में गिर सकते हैं ओले

106

The Duniyadari: नई दिल्ली- भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार रविवार को दिल्ली के लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 27 अप्रैल, 2025 तक भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। 26 से 29 अप्रैल के बीच पूर्वी और आसपास के मध्य भारत में गरज, बिजली, ओलावृष्टि, तेज/तेज हवाओं के साथ बारिश का एक नया दौर रहेगा। वहीं, उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के मैदानी इलाकों में 30 अप्रैल, 2025 तक लू चलने की संभावना है।

दिल्ली में शनिवार को पिछले तीन वर्ष में सबसे अधिक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछली बार इससे अधिक तापमान 2022 में दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 3.1 डिग्री कम है। उसने बताया कि राजधानी में आर्द्रता का स्तर 35 प्रतिशत से 15 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहने तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘‘खराब’’ श्रेणी में रही, जहां शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 247 दर्ज किया गया।

हरियाणा और पंजाब का हाल

पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भीषण गर्मी रही जबकि बठिंडा में सबसे अधिक 43.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद लुधियाना में 41.3 डिग्री, पठानकोट में 40.5 डिग्री, अमृतसर में 40.2 डिग्री और मोहाली में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा का रोहतक सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरसा और भिवानी में अधिकतम तापमान क्रमश: 42 डिग्री और 41.7 डिग्री दर्ज किया गया जबकि नारनौल में 39.2 डिग्री, गुरुग्राम में 40.3 डिग्री, अंबाला में 41.4 डिग्री और करनाल में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।