भूपेश बघेल पर भाजपा का रैप अटैक: ‘एक्स’ पर घोटालों को लेकर सियासी वार

4

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी पूरी तरह गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक रैप वीडियो साझा कर कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखे आरोप लगाए हैं। इस वीडियो के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को निशाने पर लिया गया है।

भाजपा के आधिकारिक राज्य हैंडल BJP4CGState से साझा किए गए करीब 1 मिनट 21 सेकंड के वीडियो में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान कथित घोटालों का उल्लेख किया गया है। पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा गया है कि कांग्रेस शासन में “घोटालों का रिवाज” था और भूपेश बघेल को “लबरा” बताते हुए घोटालेबाजों का सरताज कहा गया है।

वीडियो में भूपेश बघेल के साथ उनके पुत्र चैतन्य बघेल, पूर्व उप सचिव रहीं सौम्या चौरसिया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी जिक्र किया गया है। इसमें शराब घोटाला, कोयला लेवी प्रकरण और चावल वितरण से जुड़े मुद्दों सहित कई मामलों को गीत के बोलों में शामिल किया गया है।

भाजपा के इस डिजिटल हमले ने राजनीतिक माहौल को और तीखा कर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि कांग्रेस की ओर से इस रैप वीडियो पर क्या प्रतिक्रिया आती है और इसका सियासी प्रभाव कितना व्यापक होता है।