मंदिर में मारपीट से मचा महाबवाल: सिहोरा का आज़ाद चौक पत्थरों की जंग में तब्दील, रातभर गूंजता रहा हंगामा

5

The Duniyadari: जबलपुर। शहर के सिहोरा क्षेत्र स्थित आजाद चौक में देर रात अचानक हालात बिगड़ गए। दुर्गा मंदिर परिसर में एक युवक के साथ कथित मारपीट और मंदिर की ग्रिल क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और इलाके में पथराव शुरू हो गया।

सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की सिहोरा थाना टीम के साथ आसपास के थानों से अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात काबू में किए और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय मंदिर में आरती और सामने स्थित मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। आरोप है कि मंदिर की ग्रिल को नुकसान पहुंचाया गया, जिसके बाद माहौल और भड़क गया।

घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोगों को पथराव करते देखा जा सकता है। पुलिस ने मौके से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि आजाद चौक को पहले से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, क्योंकि यहां मंदिर और मस्जिद आमने-सामने स्थित हैं। पूर्व में भी यहां तनाव की स्थिति बन चुकी है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।