Sunday, May 3, 2026
Home Breaking मलबे में लगी आग से मचा हड़कंप, पास की दुकानें बाल-बाल बचीं

मलबे में लगी आग से मचा हड़कंप, पास की दुकानें बाल-बाल बचीं

33
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायपुर। वार्ड क्रमांक 49 में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद छोड़े गए मलबे में रविवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। निगम की टीम ने दो दिन पहले यहां सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों को हटाया था, लेकिन तोड़फोड़ के बाद निकला मलबा वहीं छोड़ दिया गया था।

रविवार को इसी मलबे में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति संभालते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि आग ज्यादा फैल नहीं सकी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

जिस स्थान पर आग लगी, उसके ठीक बगल में गद्दा, तकिया और रजाई की दुकान संचालित है। ज्वलनशील सामान होने के कारण खतरा बढ़ गया था। स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय रहते किए गए प्रयास से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में निगम द्वारा मलबा हटाने की मांग तेज हो गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।