Wednesday, April 8, 2026
Home Breaking महतारी वंदन की राशि जारी, महिलाओं के मोबाइल पर आई खुशखबरी

महतारी वंदन की राशि जारी, महिलाओं के मोबाइल पर आई खुशखबरी

7

The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए मंगलवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। राज्य सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 26वीं किस्त की राशि जारी कर दी है। इस भुगतान से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है।

सरकार की ओर से लगभग 68.48 लाख विवाहित महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से करीब 641.62 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके दैनिक जीवन में सहयोग प्रदान करना है।

इस बार की किस्त में खास तौर पर बस्तर संभाग से जुड़ा आंकड़ा उल्लेखनीय रहा। ‘नियद नेल्ला नार’ (आपका अच्छा गांव) योजना के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की 7,773 महिलाओं के खातों में भी सफलतापूर्वक राशि हस्तांतरित की गई।

सरकार का कहना है कि योजना का लाभ अब प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों तक पहुंच रहा है। इससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला भी सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त कर सके।