The Duniyadari: रायगढ़। महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के द्वितीय चरण के ई-केवाईसी कार्य को गति देने के लिए जनपद पंचायत लैलूंगा और तमनार में संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशासन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, सीएससी संचालक और आंगनबाड़ी सुपरवाइजर बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की मौजूदगी में सीएससी जिला प्रबंधक रवि सिंह ने प्रतिभागियों को ई-केवाईसी की पूरी प्रक्रिया समझाई। इस दौरान तकनीकी पहलुओं, आवश्यक दस्तावेजों, ऑनलाइन प्रक्रिया और कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार योजना के सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है। इसके लिए 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सभी पात्र हितग्राहियों का सत्यापन सुनिश्चित कर उन्हें योजना का लाभ निरंतर उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण में सीएससी संचालकों और आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों को समन्वय बनाकर कार्य करने, ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और निर्धारित समय सीमा में ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय पर लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।















